आज के समय में जींस कॉलेज गोइंग लड़की का भी आउटफिट है, वर्किंग वूमन का भी और गृहिणी का भी। यह एक आरामदायक, स्मार्ट तथा रफ-टफ परिधान के रूप में पसंद की जाती है। यही कारण है कि इसे अपनाने वाले अब दुनिया भर में हैं और ये किसी एक देश, समाज या वर्ग विशेष की नहीं है।
वर्तमान समय में महिलाओं को घर-बाहर के कामों के अलावा कई सारी चीजों में तालमेल बैठाना होता है। ऐसे में उन्हें वह परिधान सबसे ज्यादा पसंद आता है, जो उन्हें दौड़ने-भागने की आजादी दे, उन पर अच्छा लगे, ज्यादा मेंटेनेंस न माँगता हो तथा हर उम्र में पहना जा सके।
जींस इन सारी परिभाषाओं पर फिट बैठती है। यही कारण है कि पिछले कुछ सालों में शहरों से लेकर गाँव तक में युवतियाँ तथा किशोरियाँ जींस में दिखाई देने लगी हैं।
यही नहीं, कॉलेज या रोजमर्रा की जिंदगी के अलावा अब शादी, पार्टी तथा अन्य उत्सवों में भी जींस एक सामान्य परिधान की तरह शामिल हो चुकी है। अब जींस रफ-टफ पहनावे के साथ ही फैशन स्टेटमेंट भी है। वक्त के साथ-साथ जींस ने कई रूप-रंग भी बदले। बूट कट के अलावा नॉर्मल फिट और अब चूड़ीदार पैटर्न में जींस जलवे बिखेर रही है।
यही नहीं, डेनिम और लैदर के साथ ही अब इसमें लायक्रा जैसे स्ट्रेचेबल मटेरियल का प्रयोग भी होने लगा है, जिसने जींस को एक अलग रूप दिया है। इसके अलावा स्टोन वॉश, मंकी वॉश से लेकर फेडेड जींस, कट जींस जो जगह-जगह से फटी हुई हो या फिर एम्ब्रायडरी और सलमे-सितारों से सजी जींस भी ट्रेंड में है।
ND
महिलाओं को ये मजबूत तथा ताकतवर होने के साथ ही उनके स्त्रीत्व को निखारने का भी मौका देती है। सिंपल जींस के साथ पहना गया शिफॉन का कुर्ता आपको नाजुक-सा टच देता है, जबकि ब्लू जींस और व्हाइट शर्ट का कॉम्बिनेशन आपको रफ-टफ लुक देता है। यह आपके हर तरह के मूड के लिए सही परिधान है।
चाहें तो लंबे कुर्तों के साथ पहनें, शॉर्ट एम्ब्रायडरी वाले ट्रेडिशनल कुर्ते के साथ, लाँग या शॉर्ट टीशर्ट के साथ, फ्रॉक स्टाइल टॉप के साथ, कोट के साथ, बंद गले की शेरवानी के साथ, कॉटन टॉप के साथ, जैकेट के साथ या फिर शिफॉन और जॉर्जेट जैसे नाजुक मटेरियल से बने टॉप के साथ, जींस आपको हर मैचिंग के साथ ढलने की पूरी आजादी देगी।
एक्सेसरीज के रूप में भी आप लकड़ी के कड़ों से लेकर, लैदर के लॉकेट और इयररिंग्स, ट्राइबल स्टाइल के गहने, फंकी इयररिंग्स और बड़ी-सी वॉच से लेकर हर तरह के बैग्स, बेल्ट, शूज, सैंडिल्स तथा हेयरस्टाइल अपना सकती हैं। मुख्य तौर पर जींस तीन तरह की फिटिंग में मिलती है। ये हैं- लूज फिट, मीडियम फिट और स्कीन फिट।
आप अपनी सहूलियत के हिसाब से इन्हें चुन सकती हैं। स्ट्रेचेबल जींस एक बहुत अच्छा विकल्प है, क्योंकि ये आपको हर तरह से उठने-बैठने की पूरी सहूलियत देती है। शायद इतनी खूबियों के कारण ही जींस इतनी लोकप्रिय है। |